(नई दिल्ली)04जून,2026
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। केरल के कई हिस्सों में पिछली रात से ही भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून भारत में प्रवेश कर चुका है। केरल में मानसून के आगमन की आधिकारिक घोषणा के साथ ही नजरें इस बात पर भी हैं कि दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों में गर्मी से निजात कब मिलेगी। इस पहलू पर मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो-चार दिनों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
अगले तीन-चार दिनों में मॉनसून की गति कैसी रहेगी?
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने को लेकर मौसम विभाग ने कहा,अगले 3 से 4 दिनों में कर्नाटक तट से होते हुए मानसून गोवा की अक्षांश रेखा तक आगे बढ़ेगा। मानसून के आगे बढ़ने के लिए जैसी मौसमी परिस्थितियां चाहिए, फिलहाल सबकुछ अनुकूल नजर आ रहा है। आईएमडी वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 10 जून के बाद मानसून की प्रगति धीमी होने की संभावना है।
केरल के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मानसून की दस्तक से पहले मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार सुबह तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। यह अलर्ट अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए तीन घंटे तक प्रभावी रहेगा। मौसम एजेंसी ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।
हवा की गति और बारिश की मात्रा पर IMD क्या बोला?
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और बादलों की गरज के दौरान सतह पर हवा की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और त्रिशूर जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान है। इन जिलों में भी हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। आईएमडी ने पहले गुरुवार के लिए आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। नारंगी अलर्ट का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होता है।
आंध्र प्रदेश में भीषण लू और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
मानसून की दस्तक के बावजूद मौसम विभाग ने कहा है कि आज आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी लोगों की परीक्षा लेगी, ऐसी संभावना है। उत्तरी तटीय जिलों में भीषण लू और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने बताया कि बुधवार को कई जिलों में तापमान अधिक रहा था। एपीएसडीएमए के निदेशक प्रखर जैन के अनुसार, आज 46 मंडलों में भीषण लू की संभावना है। कल यह संख्या 85 मंडलों तक पहुंच सकती है। एलुरु, पोलावरम और गुंटूर में 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है।
कुछ जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
एपीएसडीएमए के निदेशक प्रखर जैन के मुताबिक, विदर्भ से तमिलनाडु तक फैली द्रोणिका के प्रभाव से कुछ जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जैन ने लोगों को लू से सावधान रहने, पर्याप्त पानी पीने और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी।(साभार एजेंसी)
