चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा पर सख्त जांच अभियान

Uttarakhand News

(देहरादून)28अप्रैल,2026

चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने राज्यभर में सघन जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त सचिन कुर्वे के मार्गदर्शन और अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में टीमें सभी जनपदों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

चारधाम यात्रा मार्गों, होटल-ढाबों, फल-सब्जी मंडियों और अस्थायी खाद्य दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाइसेंसिंग की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

28 अप्रैल को विशेष अभियान चलाकर फल और सब्जियों में कीटनाशकों एवं कृत्रिम पकाने वाले रसायनों की जांच की गई। इस दौरान प्रदेशभर से कुल 33 नमूने एकत्रित कर प्रयोगशालाओं में भेजे गए। हरिद्वार से 12, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर से 3-3, पिथौरागढ़ से 2, टिहरी और अल्मोड़ा से 2-2, रुद्रप्रयाग से 2, नैनीताल से 5 और चमोली से 2 नमूने लिए गए।

अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों से अधिक रसायन या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निलंबन, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई शामिल होगी।

आयुक्त सचिन कुर्वे ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विभाग ने आमजन और यात्रियों से अपील की है कि वे फल और सब्जियां खरीदते समय सतर्क रहें, अस्वाभाविक रूप से चमकदार या जल्दी पके हुए फलों से बचें और किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *