गढ़वाल विवि का 12वां दीक्षांत समारोह

Uttarakhand News

(देहरादून)24मार्च,2026.

एचएनबी गढ़वाल विवि का 12वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को धूमधाम से आयोजित हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. योगन्द्र नारायण की अध्यक्षता में उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दीप प्रज्जवलित कर दीक्षांत समारोह का उद्घाटन किया। शिक्षा सत्र 2022-24 व सत्र 2023-25 के कुल 6806 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए 649 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 472 स्नातकोत्तर (पीजी) और 177 पीएचडी के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस अवसर पर 79 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।

स्वर्ण पदक के लिए 105 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें 50 विद्यार्थी सत्र 2022-24 के व 55 छात्र-छात्राएं 2023-25 के शामिल रहे। दोनों सत्र में कुल 319 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियां प्रदान की गई। समारोह में विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि विवि वर्तमान कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है जिसका प्रमाण विवि की नैक ग्रेडिंग है, उन्होंने कहा कि विवि को और अधिक ऊर्जा के साथ काम करना होगा जिससे राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय को पहचान मिल सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार विवि के लिए हर संभव मदद देगी। कहा अप्रैल माह में देश के उच्च शिक्षामंत्री के साथ वह एनआईटी और गढ़वाल विवि में कार्यक्रम सुनिश्चित करेगें।

अध्यक्षता करते हुए कुलाधिपति डॉ. योगेन्द्र नारायण ने कहा कि छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक है कि वह अतीत की प्रज्ञा का अन्वेषण करें, वर्तमान के आधुनिक एवं पारंपरिक ज्ञान के आधार पर नावाचार एवं विकास के लिए प्रयासरत रहें और स्वयं को भविष्य के नए आयामों के लिए तैयार करें।

डिग्री कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थी की ताकत: वीसी
समारोह में गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विवि की गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि दीक्षांत शिक्षा का अंत नहीं है बल्कि यह नये जीवन की शुरूआत है। उन्होंने कहा कि डिग्री कोई कागज का टुकड़ा नहीं होता है बल्कि यह विद्यार्थी की ताकत होती है।

मंच से पढ़ा केंद्रीय शिक्षा मंत्री का संदेश
दीक्षांत समारोह में संचालन कर रहे डा. विश्वेश वाग्मी ने समारोह के मुख्य अतिथि देश के शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का संदेश पढ़ा, जिसमें शिक्षा मंत्री ने दीक्षार्थियों को भारत की विकास यात्रा में सहभागिता करने के लिए आवाह्न किया और आग्रह किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल अपने निजी हितों तक सीमित न रखें बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी करें।
शोध पत्रिका का किया विमोचन
गढ़वाल विवि के ग्रामीण एवं अभियन्त्रिकी विभाग की शोध पत्रिका माउंटेन रिसर्च के विशेषांक का दीक्षांत समारोह में विमोचन किया गया। कुलपति, कुलाधिपति व विशिष्ट अतिथि ने पत्रिका के प्रकाशन पर विभाग को बधाई दी।

दीक्षांत समारोह में दिखी पहाड़ी संस्कृति की झलक
समारोह में पहली बार पहाड़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली। दीक्षांत समारोह में पूर्व से चली आ रही गाउन पहनने की परंपरा को इस बार विवि ने अलविदा कर पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की। मौके पर उपाधि लेने पहुंचे छात्र-छात्राए आकर्षक पहाड़ी वेशभूषा के साथ ही पहाड़ी टोपी व गले में रंग-बिरंगे पटके को पहने हुए दिखे।

ज्योति और मनीष शिवांशु को मिले पांच-पांच गोल्ड मेडल
गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह में वर्ष 2022-24 शैक्षणिक सत्र की संस्कृत विषय की छात्रा ज्योति और सत्र 2023-25 के संस्कृत विषय के छात्र मनीष शिवांशु को पांच-पांच गोल्ड मेडल मिले। संस्कृत विषय में टॉप रहने पर उन्हें विषय के गोल्ड मेडल के साथ ही दानदाताओं द्वारा संस्कृत विषय के टॉपर छात्रों को दिए जाने वाले गोल्ड मेडल शामिल हैं।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *