केदारनाथ धाम सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी,कड़ाके की ठंड

Uttarakhand News

(रुद्रप्रयाग)27जनवरी,2026

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलते ही राजधानी दून में झमाझम बारिश हुई तो वहीं केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

केदारनाथ धाम में देर रात्रि से चारों तरफ पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भी मौसम बदला हुआ है। ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। आसमान बादलों से ढक गया और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने लगी। रूपकुंड, नंदा घुघुटी और त्रिशूल में लगातार बर्फबारी जारी है।

मौसम विभाग की चेतावनी और प्रशासन की कार्रवाई
मौसम विभाग ने आज 27 जनवरी को देहरादून में मौसम के गंभीर होने की आशंका जताई है। जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के अनुसार, क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए, जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।

यह आदेश केवल देहरादून जिले के लिए लागू है और अन्य जिलों में स्कूलों के संचालन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें और मौसम विभाग की भविष्य की चेतावनियों पर ध्यान दें.(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *