(बनासकांठा,गुजरात)07नवंबर, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को गुजरात के दो दिन के दौरे पर बनासकांठा पहुंचे। भिलड़ी में हुई बड़ी जनसभा में उन्होंने एक ऐसा कदम उठाया जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। मंच पर संबोधन के बीच उन्होंने अपनी जैकेट उतार दी और स्थानीय महिलाओं के हाथों से बनी पारंपरिक कच्छी कढ़ाई वाली कोटी पहन ली। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की कारीगरी और परिश्रम की सराहना की। सभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि वे आखिरी सांस तक देशवासियों की सेवा करते रहेंगे।
जैकेट उतारकर पहनी महिलाओं की बनाई कोटी
भिलड़ी की जनसभा में प्रधानमंत्री के लिए स्थानीय महिलाओं ने विशेष रूप से कच्छी वर्क वाली कोटी तैयार की थी। प्रधानमंत्री ने मंच पर ही अपनी जैकेट उतारी और उस कोटी को धारण कर लिया। इस पहल से महिलाओं के हुनर को मंच मिला और वहां मौजूद लोगों में यह चर्चा का विषय बन गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे जीवन भर देश की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।
महिलाओं ने कहा – आपने कचरे से भी कमाई का रास्ता दिखाया
सभा में बनासकांठा की महिलाओं ने भावुक होकर प्रधानमंत्री से कहा कि आप कहीं मत जाइए। आपने कचरे को भी सोना बना दिया है। देश के लिए जब भी जरूरत हो, आधी रात को भी हमें याद कर लीजिएगा। उनकी बातों में सरकारी योजनाओं का लाभ पाने की खुशी के साथ-साथ गहरा लगाव भी दिखा।
महिलाओं ने बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनकी जिंदगी बदल दी है। एक महिला ने बायो गोवर्धन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जिसे वे गोबर का कचरा समझती थीं, आज उसी से सालाना करीब पांच लाख रुपये की कमाई हो रही है। एक महिला ने भावुक होकर कहा कि उन्हें पीएम मोदी में भगवान नजर आते हैं। महिलाओं की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने सभी परिवारों से बेटियों को ज्यादा से ज्यादा पढ़ाने की अपील की और कहा कि बेटियों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं होनी चाहिए, इससे ही समाज आगे बढ़ेगा।
325 करोड़ के बोवाइन ब्रीडिंग सेंटर का लोकार्पण
दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री ने भिलड़ी में 325 करोड़ रुपये की लागत से बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) का उद्घाटन किया। यह सेंटर पशुओं की नस्ल में सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। स्थानीय किसानों और पशुपालकों ने इसे बड़ी सौगात बताया और कहा कि अब कम पशु रखकर भी ज्यादा दूध लिया जा सकेगा, जिससे उनकी आय बढ़ेगी।
ग्रामीणों में उत्साह, बोले – दीपावली जैसा स्वागत
सभा के बाद ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की। एक ग्रामीण ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि पीएम किसानों और पशुपालकों के लिए कुछ बड़ा देंगे और यह सेंटर उसी उम्मीद को पूरा करता है। एक अन्य ने बताया कि जब एक महिला बोलने के लिए खड़ी हुई तो प्रधानमंत्री ने उसे प्रोत्साहित किया, इसके लिए उन्होंने पीएम और बनास डेयरी के चेयरमैन शंकरभाई चौधरी का धन्यवाद किया। एक ग्रामीण ने कहा कि बनासकांठा के लोगों ने पीएम का स्वागत दीपावली जैसे उत्सव की तरह किया। पशुपालक गीताबेन ने कहा कि अब दूध का अच्छा दाम और फैट के आधार पर कीमत मिलने से उनकी आय बढ़ी है।
पानी और खेती को लेकर उम्मीदें
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुईगाम से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक पानी की स्थिति बदली है। जहां पहले पीने का पानी भी नहीं था, वहां अब नहरों से पानी पहुंच रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि दीपावली के आसपास जीरे की खेती के लिए सिंचाई का पानी मिल जाएगा। किसानों ने कहा कि सरकार दूध उत्पादन, नस्ल सुधार और जल सुविधा पर लगातार काम कर रही है, जिसका लाभ भिलड़ी और देवदार तालुका सहित पूरे जिले को मिल रहा है। भिलड़ी रतनपुरा के एक ग्रामीण ने बताया कि गांव में सड़कें बनी हैं और तालाबों तक पानी पहुंचा है, पहले पानी की कमी से खेत सूखे रहते थे, अब हरियाली लौट आई है। (साभार एजेंसी)


