उद्रेका सिंह:भारत की तीव्रतम महिला आइस स्केटर

National News

(नई दिल्ली)26जनवरी,2026

मैहर मध्य प्रदेश की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सतना जिले के मैहर की उभरती हुई खिलाड़ी उद्रेका सिंह ने खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए आइस स्केटिंग में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। लेह-लद्दाख की बर्फीली वादियों में 20 से 26 जनवरी तक आयोजित इन प्रतिष्ठित खेलों में उद्रेका सिंह ने वूमेन लॉन्ग ट्रैक 500 मीटर आइस स्केटिंग स्पर्धा में 53.94 सेकंड का शानदार समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही उद्रेका भारत की अब तक की सबसे तेज महिला आइस स्केटर बन गई हैं।

कठिन परिस्थितियों में भी दिखाई अद्भुत रफ्तार
लेह-लद्दाख जैसे अत्यंत ठंडे और चुनौतीपूर्ण वातावरण में आइस स्केटिंग करना आसान नहीं होता। माइनस तापमान, फिसलन भरा ट्रैक और तेज हवाएं खिलाड़ियों की परीक्षा लेती हैं। ऐसे हालातों में उद्रेका सिंह ने असाधारण संतुलन, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में उन्होंने देश की कई अनुभवी और शीर्ष महिला स्केटर्स को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

मैहर से राष्ट्रीय मंच तक का प्रेरणादायक सफर
छोटे शहर मैहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना उद्रेका के लिए आसान नहीं रहा। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कठिन मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती

पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर
उद्रेका की इस ऐतिहासिक जीत से मैहर, सतना सहित पूरे मध्यप्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और युवा खिलाड़ियों ने उनकी सफलता को प्रदेश की बेटियों के लिए नई दिशा देने वाला बताया है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *