उत्तराखंड सचिवालय में रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Uttarakhand News

( देहरादून )19सितम्बर,2025.

उत्तराखण्ड सचिवालय संघ के आह्वान पर और दून मेडिकल कॉलेज के सहयोग से 22 सितम्बर 2025 को उत्तराखंड राज्य सचिवालय परिसर स्थित अब्दुल कलाम भवन में ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार’ थीम पर रक्तदान एवं विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन प्रातः 10:30 बजे करेंगे।

प्रदेश में आई आपदा और डेंगू जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों तक हर संभव स्वास्थ्य सहयोग पहुँचे। इसी कड़ी में सचिवालय संघ और स्वास्थ्य विभाग की यह पहल समाज को सहयोग और संवेदना का संदेश देगी। “एक यूनिट रक्तदान – एक महानदान” की भावना से यह शिविर जीवन बचाने का अभियान बनेगा।

शिविर में महिला रोग, हृदय, नेत्र, ईएनटी, अस्थि रोग, मानसिक रोग, त्वचा रोग, जनरल मेडिसिन और फिजियोथेरपी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी नि:शुल्क सेवाएँ देंगे। साथ ही ईसीजी और टेलीविजन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों को डोनर कार्ड, प्रमाणपत्र, जूट बैग और रिफ्रेशमेंट भी प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मज़बूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। आपदा की इस घड़ी में रक्तदान सबसे बड़ा सहयोग है, क्योंकि प्रत्येक यूनिट रक्त किसी की ज़िंदगी बचा सकता है। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें और इस जीवनदायिनी अभियान का हिस्सा बनें।

इस अवसर पर सचिवालय संघ के अध्यक्ष सुनील लखेड़ा, महासचिव राकेश जोशी सहित संघ के पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. बिमलेश जोशी भी मौजूद रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *