(देहरादून)08सितम्बर,2025.
उत्तराखंड में बढ़ते नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) टीमों ने चम्पावत और देहरादून में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग के दौरान दो अंतर्राज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 278 ग्राम हेरोइन और 1.208 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 86 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के अंतर्गत की गई।
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में जोगीवाला बैरियर पर संयुक्त चेकिंग के दौरान पुलिस ने आसिफ कुरैशी (निवासी मोहल्ला कस्सावान, थाना फरीदपुर, जिला बरेली, उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 278 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 84 लाख रुपये है। अभियुक्त बरेली से ड्रग्स लाकर देहरादून में बेचने की फिराक में था। इस कार्रवाई पर पुलिस मुख्यालय ने टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।
टनकपुर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दीपक कुमार (निवासी वार्ड नंबर 03, नवाब गंज, आदर्श नगर, थाना नवाब गंज, जिला बरेली, उम्र 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 208 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी गई। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने यह चरस खेतीखान क्षेत्र के दादू नामक व्यक्ति से खरीदी थी और इसे मैदानी जिलों में सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों तस्करों के तार बरेली, उत्तर प्रदेश के बड़े ड्रग डीलरों से जुड़े हुए हैं। एसटीएफ अब इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
एएनटीएफ देहरादून एवं थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम में निरीक्षक विपिन बहुगुणा, निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल रामचंद्र सिंह, दीपक नेगी, आमिर हुसैन, कांस्टेबल संदीप कुमार, रविन्द्र चौहान।
एएनटीएफ कुमायूं एवं थाना टनकपुर पुलिस टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, विपिन चंद्र जोशी, विनोद चंद्र जोशी, जगवीर शरण, मनमोहन सिंह, महेन्द्र गिरी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान, इसरार अहमद, मोहित जोशी, निरीक्षक चेतन रावत, ललित पांडे, संजीत कुमार, मतलूब खान, तपेंद्र जोशी, आरक्षी उमेश राज।
