88 प्रतिशत गणना प्रपत्र मतदाताओं को बांटे गए

Uttarakhand News

(देहरादून)17जून,2026

चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रदेश में अब तक 88 प्रतिशत गणना प्रपत्र मतदाताओं को बांटे जा चुके हैं। अब निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों को डिजिटाइजेशन पर जोर दिया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ एसआईआर की समीक्षा की। इस दौरान गणना फार्म वितरण वाले शीर्ष जिलों की सराहना करते हुए उन जिलों को दूसरे चरण में फार्म डिजिटाइजेशन का कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिन जिलों में फार्म वितरण का कार्य अभी राज्य के औसत से कम है, उन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान के तहत गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन करने के कार्य में हेल्पिंग हैंड के रूप में अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती के निर्देश दिए।

ऑनलाइन गणना फार्म भरने का आंकड़ा बहुत कम
प्रदेश में सोमवार शाम चार बजे तक 88.48 प्रतिशत गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फार्म भरने का आंकड़ा बहुत कम है, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। फार्म भरने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। सभी शैडो एरिया में मोबाइल टीम और आईटी टीम को भेजा जाए ताकि जो क्षेत्र नेटवर्क विहीन हैं, उन बीएलओ को सहायता दी जा सके। उन्होंने सभी जिलों में बीएलओ एप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण 10 से 12 बीएलओ के छोटे-छोटे समूहों में करने के भी निर्देश दिए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। बताया कि सात जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं को कोई भी दस्तावेज नहीं देने होंगे। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर सहायता के लिए कॉल की जा सकती है। इसके अलावा राज्य स्तर पर 180033001950 पर भी कॉल कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *