सीएम धामी ने विकास के लिए ₹105 करोड़ की दी स्वीकृति

Uttarakhand News

(देहरादून)17जून,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों तथा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए कुल ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी विकास, न्यायिक अवसंरचना तथा जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हरूहीत मंदिर कढ़ोली, नगर पंचायत भिकियासैंण के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए ₹93.36 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹56 लाख जारी करने का अनुमोदन किया। वहीं विकासखंड द्वारीखाल के कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित माँ बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹72.67 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में ₹43.60 लाख जारी किए जाएंगे।

श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन एवं महिलाओं के लिए पृथक शौचालय और अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु देहरादून, काशीपुर एवं हरिद्वार के लिए कुल ₹1.41 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। साथ ही पर्यटन विभाग के माध्यम से अल्मोड़ा जनपद की रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में ₹1.50 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

नगर निगम कोटद्वार में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए ₹4.96 करोड़ तथा दीवानी न्यायालय रामनगर में न्यायिक कर्मचारियों हेतु टाइप-3 आवासीय भवन निर्माण के लिए ₹18.59 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मायापुर में फायर स्टेशन हेतु 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृत ₹4.17 करोड़ के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी प्रदान की है।

शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पशु शवदाह गृह निर्माण, लीगेसी वेस्ट निस्तारण तथा कूड़ा वाहन एवं उपकरण क्रय जैसी परियोजनाओं के लिए हल्द्वानी-काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार, रुड़की, शिवालिक नगर, चम्बा, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, सुल्तानपुर-आदमपुर, द्वाराहाट, गूलरभोज, बनबसा, नैनीताल, पुरोला और महुआखेड़ागंज सहित विभिन्न निकायों हेतु ₹48.58 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मुख्य एवं आंतरिक मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए ₹7.76 करोड़, रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डी.डी. चौक तक सड़क चौड़ीकरण हेतु ₹13.73 करोड़ तथा रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली विकासखंड में छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए ₹4.02 करोड़ स्वीकृत किए हैं।

इसके अतिरिक्त लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹3.87 करोड़, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹9.87 करोड़ तथा रामनगर विधानसभा क्षेत्र में हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹4.06 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन स्वीकृतियों से राज्य में धार्मिक पर्यटन, शहरी सुविधाओं, सड़क संपर्क, न्यायिक अवसंरचना और कुंभ-2027 की तैयारियों को नई गति मिलने की‌ उम्मीद है(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *