तमिलनाडु में विजय को मिला विजयी बहुमत

National News

(नई दिल्ली)08मई,2026.

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान खत्म हो गई है। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने शुक्रवार की शाम को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान विजय ने राज्यपाल को कांग्रेस समेत अन्य दलों की ओर से मिले समर्थन पत्र सौंपे। इसके बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए सहमति दी। विजय कल यानी शनिवार को सुबह 11 बजे राज्य के सीएम के तौर पर शपथ लेंगे।

टीवीके नेता विजय ने आखिरकार बहुमत का दावा करने के लिए जरूरी सीटों का आंकड़ा पा लिया है। इसमें कांग्रेस की पांच और वीसीके, सीपीएम और सीपीआई की दो-दो सीटें शामिल हैं। इन दलों के समर्थन से विजय ने बहुमत के लिए 118 सीटों के जादुई आंकड़े को छू लिया है।

राज्यपाल आर्लेकर ने दो बार लौटाया
राज्यपाल आरवी आर्लेकर के साथ विजय की ये तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों की मुलाकात बुधवार और गुरुवार को भी हुई थी। दोनों बार आर्लेकर ने विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज करते हुए तर्क दिया कि टीवीके नेता को सदन में बहुमत के लिए जरूरी समर्थन प्राप्त नहीं है।

सीपीआई और सीपीएम ने दिया बिना शर्त समर्थन
सीपीआई और सीपीएम ने सरकार गठन के लिए टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया है। सीपीएम के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीपीआई के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने कहा, “टीवीके ने सीपीआई, सीपीएम और वीसीके से संपर्क किया। हमने अपनी पार्टी की बैठक की। लोकतंत्र में उतार-चढ़ाव होना स्वाभाविक है। तमिलनाडु की जनता ने टीवीके का समर्थन किया है और उन्हें निर्वाचित करने का निर्णय लिया है। हमने लोकतांत्रिक तरीके से निर्णय लिया है।”

टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी
विजय की तमिलगा वेट्री कझगम ने पिछले महीने के चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी ने अपने पहले ही चुनावी मुकाबले में 234 में से 107 सीटें जीतकर द्रविड़ राजनीति की दिग्गज पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के तमिलनाडु में 62 साल के वर्चस्व को तोड़ दिया है।

कांग्रेस ने सबसे पहले किया समर्थन देने का ऐलान
इससे पहले कांग्रेस ने डीएमके के साथ अपना गठबंधन तोड़कर विजय को समर्थन देने का पत्र सौंप दिया था। कांग्रेस की ओर से तमिलनाडु में अन्य क्षत्रपों को भी विजय की टीवीके के साथ लाने की कोशिशें की जा रही थीं। वहीं, टीवीके की ओर से भी इसी तरह के प्रयास किए जा रहे थे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *