यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे यमकेश्वर

Uttarakhand News

(देहरादून)07मई,2026.

उत्तराखण्ड के यमकेश्वर क्षेत्र ने गुरुवार को ऐतिहासिक पल का साक्षी बनते हुए दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों का स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां दोनों मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पैतृक गांव पंचूर में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ में भी सहभागिता की और कहा कि कुछ वर्षों में श्रद्धा के केंद्र को भव्य मंदिर के रूप में विकसित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिथ्याणी महाविद्यालय को “आदर्श कॉलेज” के रूप में विकसित करने तथा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण शीघ्र शुरू करने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का उद्घाटन किया गया। डिजिटल तकनीक का प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास कार्यक्रमों पर चर्चा की। साथ ही नए भवन, सेमिनार हॉल और ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के लिए महाविद्यालय परिसर में ओपन जिम का शिलान्यास भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्वयं जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। प्रस्तावित स्टेडियम स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित करने की बात कही।

इस अवसर पर सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, रेनू बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *