सनातन संस्कृति के सबसे बड़े मानव समागम महाकुंभ में उमड़ रहे आस्था और श्रद्धा के महासागर में सोमवार को महामहिम का भी आगमन हुआ। भारत की दूसरी महिला और पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रयागराज महाकुंभ में मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की त्रिवेणी के पावन संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर पूरी दुनिया को एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महामहिम द्रौपदी मुर्मू ने पूरी आस्था के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान किया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने संगम में स्नान के बाद साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया।
पावन डुबकी लगाने से पहले राष्ट्रपति ने त्रिवेणी संगम में पुष्प और नारियल अर्पित किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रणाण किया। उन्होंने मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की अराधना करते हुए एक के बाद एक कई बार पवित्र जल में डुबकी लगाई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण और श्लोकों के बीच उन्होंने संगम स्थल पर पूजा अर्चना की और संगम की आरती भी उतारी। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू में संगम में पुण्य की डुबकी लगाई,विधिवत किया पूजन अर्चन :
त्रिवेणी संगम पर डुबकी लगाने से पूर्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सपरिवार विधिवत पू्जा अर्चना की। संगम में उतरने से पहले राष्ट्रपति ने सबसे पहले पूर्ण आस्था के साथ जल को स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और फिर पवित्र जल में फूल माला और नारियल अर्पित कर समस्त राष्ट्र की समृद्धि और शांति की मनोकामना की। इसके बाद उन्होंने भगवान सूर्य की अराधना की और अर्घ्य देकर प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ संगम में एक के बाद एक कई डुबकियां लगाईं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने संगम में डुबकी लगाई।
स्नान के बाद उन्होंने पूरे विधि विधान से पूजन अर्चन भी किया। राष्ट्रपति ने वैदिक मंत्रों और श्लोकों के बीच संगम त्रिवेणी का दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने अक्षत, नैवेद्य, पुष्प, फल और लाल चुनरी अर्पित की। इसके बाद उन्होंने संगम स्थल पर तीनों पावन नदियों की आरती भी उतारी। वहां मौजूद तीर्थ पुरोहित ने उन्हें कलावा बांधकर अभिनंदन किया।
प्रयागराज पहुंचने पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचने पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। यहां से राष्ट्रपति अरैल घाट पहुंचीं, जहां से क्रूज पर सवार होकर वह त्रिवेणी संगम पहुंचीं। इस दौरान राष्ट्रपति ने डेक पर खड़े होकर नौका विहार का आनंद भी लिया और अपने हाथों से पक्षियों को दाना खिलाया। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें महाकुंभ के आयोजन और इससे जुड़ी अनेक व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू में संगम में स्नान के बाद श्री बड़े हनुमानजी का दर्शन पूजन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने संगम में स्नान करने के बाद क्रूज जेटी से संगम में पक्षियों को दाना खिलाया। उनके साथ राज्यपाल आनंद बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने संगम में स्नान करने के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा का पूजन अर्चन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू ने अक्षय वट और सरस्वती कूप का दर्शन किया। उन्होंंने सरस्वती कूप में जल और दुग्ध भी चढ़ाया।
राष्ट्रपति के पहुंचने पर संगम नोज पर सभी दूसरे मोटर बोट और अन्य नौकाओं को रोक दिया गया था। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था(साभार एजेंसी)