(देहरादून) 23 अप्रैल, 2024.
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने उत्तराखण्ड सचिवालय में लोकसभा सामान्य निर्वाचन के सम्बन्धित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि प्रदेश में 19 अप्रैल, 2024 को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूर्ण करायी गयी एवं इस दौरान प्रदेशभर में कहीं भी किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना संज्ञान में नहीं आयी है।
उत्तराखंड में नए आंकड़े जारी, करीब डेढ़ प्रतिशत मतदान और बढ़ा, अब 57.24% पहुंचा आंकड़ा:
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव का मतदान प्रतिशत करीब डेढ़
प्रतिशत बढ़ गया है। चुनाव आयोग ने इसके ताजा आंकड़े जारी किए हैं। पोलिंग पार्टियों के लौटने और आंकड़ों का मिलान करने के बाद यह जानकारी जारी की गई है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया, 19 अप्रैल तक प्राप्त जानकारी के हिसाब से राज्य में 56.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, लेकिन यह आंकड़ा परिवर्तनीय था, क्योंकि राज्य में कई पोलिंग पार्टियों को लौटने में भी तीन दिन तक का समय लगता है। उनके आने के बाद सभी आंकड़ों का वेरिफिकेशन किया गया। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हुई है।
राज्य में 57.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने बताया, अभी सर्विस मतदाता, मतदान कर्मचारियों के मत, दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के वोट इसमें शामिल नहीं हैं। मतगणना की सुबह आठ बजे तक डाक मतपत्र वापस आने के बाद स्थिति और साफ हो पाएगी। मतदान का यह आंकड़ा 58 प्रतिशत पार कर सकता है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी जोगदंडे ने बताया कि ईवीएम मशीन से प्रदेश में अंतिम रूप से प्राप्त कुल मतदान 57.24 प्रतिशत रहा है। प्रदेश में सर्वाधिक मतदान हरिद्वार लोकसभा सीट में 63.53 प्रतिशत रहा। हरिद्वार में कुल 12,93,363 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया, जिसमें 6,90,238 पुरूष, 6,03,080 महिला एवं 44 थर्ड जेंडर शामिल हैं। इसके बाद नैनीताल-उधमसिंहनगर में 62.47 प्रतिशत रहा, जिसमें कुल 12,59,180 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। इसमें 6,55,767 पुरूष, 6,03,394 महिला एवं 19 थर्ड जेंडर शामिल हैं। टिहरी लोकसभा सीट में मतदान 53.76 प्रतिशत रहा, जिसमें 8,48,212 लोगों ने मतदान किया। टिहरी में 4,27,234 पुरूष, 4,20,964 महिला एवं 14 थर्ड जेंडर शामिल हैं। गढ़वाल सीट में मतदान 52.42 प्रतिशत रहा, जिसमें कुल 7,17,834 लोगों ने मतदान किया। गढ़वाल लोकसभा सीट में 3,37,993 पुरूष, 3,79,833 महिला मतदाताओं सहित 8 थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अल्मोड़ा में 48.82 प्रतिशत रहा, जहां 3,05,516 पुरूष, 3,48,378 महिला एवं 02 थर्ड जेंडर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।