(देहरादून)27नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹56 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सरकार के इस निर्णय से देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और चमोली समेत कई जनपदों में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।
जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र कैंट के अंतर्गत बसंत बिहार सोसायटी के आंतरिक मार्गों का बी.एम./एस.डी.बी.सी. द्वारा सुधारीकरण किए जाने के लिए ₹202.35 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इस सुधारीकरण कार्य से क्षेत्रवासियों को जर्जर सड़कों से मुक्ति मिलेगी।
जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के विकासखण्ड बेतालघाट में दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक (श्री कैंची धाम बाईपास) मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए ₹2173.60 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। कैंची धाम बाईपास मार्ग के बेहतर होने से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता का आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।
जनपद चंपावत के अंतर्गत स्थित राजकीय कारागार लोहाघाट की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य कार्य के लिए ₹06.73 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग व शॉपिंग कॉम्पलैक्स निर्माण हेतु ₹6233.44 लाख के सापेक्ष अवशेष धनराशि ₹1870.00 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इससे चंपावत में पार्किंग की सुविधा के साथ-साथ आधुनिक शॉपिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या 10 लेखाशीर्षक 2022 पुलिस-00-101-अपराधिक अन्वेषण और सतर्कता-03 अभिसूचना अधिष्ठान के मानक मद 31-गुप्त सेवा व्यय में अनुपूरक के माध्यम से प्रावधानित धनराशि ₹01 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
जनपद टिहरी के अंतर्गत थाना छाम के प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को नामित किया गया है। आगणित धनराशि ₹381.75 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए अनुमोदन प्रदान किया गया है।
जनपद चमोली के फायर स्टेशन गोपेश्वर में टाइप द्वितीय के 08 आवासों के निर्माण हेतु ₹170.93 लाख अवमुक्त किए जाने के साथ ही उच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, टिहरी गढ़वाल एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पौड़ी गढ़वाल के शासकीय प्रयोजन हेतु नए वाहन क्रय किए जाने के लिए ₹27.21 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।(साभार सू वि)


