‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’ से मिलेगा संबल

Uttarakhand News

(देहरादून )27नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा निराश्रित महिलाओं के कल्याण एवं उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम संशोधित कर मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की एकल महिलाओं को समाज में एक नई, सम्मानजनक और गौरवपूर्ण पहचान प्राप्त होगी।

इस संबंध में सचिव, उत्तराखण्ड शासन डॉ. श्रीधर बाबू अद्यांकि द्वारा निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखण्ड को पत्र भेजकर यह जानकारी दी गई है। पत्र में कहा गया है कि निराश्रित विधवा भरण-पोषण अनुदान तथा परित्यक्ता विवाहित महिलाओं एवं निराश्रित अविवाहित महिलाओं हेतु संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम संशोधित करते हुए मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना किया गया है। अब से यह योजना प्रदेश भर में इसी नए नाम से संचालित होगी।

राज्य सरकार का यह कदम एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान प्रदान करने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का मानना है कि नाम का यह बदलाव सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह एकल महिलाओं के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना का प्रतीक है। इससे उन्हें समाज में गरिमा के साथ जीवन जीने का संबल मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार निरंतर महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना के माध्यम से निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन का मजबूत आधार भी प्रदान किया जाएगा। (साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *