रामनगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब,लाखों भक्तों ने शुरू की 14 कोसी परिक्रमा

Uttar Pradesh

(अयोध्या,UP)17नवंबर,2026

रामनगरी अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच मंगलवार की आधी रात को 14 कोसी परिक्रमा का शुभारंभ हो गया। परिक्रमा का मुहूर्त रात 1:21 बजे निर्धारित था, लेकिन श्रद्धालुओं ने उससे पहले ही परिक्रमा पथ नापना शुरू कर दिया। कोई नंगे पांव, तो कोई परिवार और मित्रों के साथ भगवान राम का नाम जपते हुए परिक्रमा पूरी करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ा।

परिक्रमा को लेकर मंगलवार दोपहर से ही रामनगरी में श्रद्धालुओं की आमद तेज हो गई थी। दूर-दराज के जिलों और दूसरे राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। परिक्रमा शुरू करने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह रहा। वहीं मंगलवार होने के कारण हनुमानगढ़ी में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु परिक्रमा की तैयारियों में जुटे नजर आए।

आस्था के इस महापर्व को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और परिक्रमा मार्ग पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अयोध्या में चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय रहा।

रामनगरी में परिक्रमा शुरू होने के साथ ही धार्मिक उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया। जगह-जगह जय श्रीराम के उद्घोष, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की टोलियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कार्तिक मास की इस पावन परिक्रमा के साथ अयोध्या एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गई है। बुधवार को पूरे दिन यह परिक्रमा जारी रहेगी। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में रामनगरी की आध्यात्मिक छटा देखते ही बन रही है।

श्रद्धालु नंगे पांव ही क्यों करते हैं परिक्रमा

इतिहासकार डॉ. हरिप्रसाद दुबे बताते हैं कि अयोध्या में भक्त 14 कोसी परिक्रमा 42 किलोमीटर लंबे परिक्रमा पथ पर नंगे पांव ही करते हैं। चारों तरफ से गोलाकार रूप में होने वाली 14 कोस की इस कठिन परिक्रमा के कुछ खास नियम भी हैं। इनमें सबसे प्रमुख परंपरा 42 किलोमीटर के लंबे परिपथ पर नंगे पांव परिक्रमा करने की है।

शास्त्रों के अनुसार परिक्रमा परिपथ के दायरे में करीब छह हजार मंदिर आते हैं। इस एक परिक्रमा के माध्यम से भगवान श्रीराम की जन्मस्थली सहित पूरी अयोध्या की परिक्रमा हो जाती है। धार्मिक अनुष्ठान में जूते या चप्पल पहनकर शामिल होना निषिद्ध माना जाता है। इसी मान्यता के चलते भक्त नंगे पांव 42 किलोमीटर की लंबी परिक्रमा पूरी करते हैं। पैरों में छाले पड़ जाएं तो भी आस्था की डगर पर भक्त अनवरत कदमताल करते रहते हैं।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *