एआई-एमएल और रोबोटिक्स के नए बीटेक पाठ्यक्रम होंगे शुरू

Uttarakhand News

(देहरादून)12अगस्त,2026

उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के बिपिन त्रिपाठी कुमायूं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI & ML) तथा रोबोटिक्स के नए बीटेक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है। दोनों पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्व-वित्त पोषित माध्यम से संचालित होंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में स्नातक एवं परास्नातक स्तर पर आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि बीटीकेआईटी द्वाराहाट में शुरू किए जा रहे दोनों नए बीटेक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। संस्थान द्वारा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद तथा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), नई दिल्ली से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में भी जल्द ही स्नातक एवं परास्नातक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन नए तकनीकी पाठ्यक्रमों के संचालन से प्रदेश के युवाओं को अत्याधुनिक एवं वैश्विक तकनीकों की शिक्षा राज्य में ही उपलब्ध होगी और उन्हें भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *