हेमकुंड साहिब-लोकपाल यात्रा की तैयारियां तेज

Uttarakhand News

(चमोली)18मई,2026

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि आगामी 23 मई से शुरू होने जा रही हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मासिक अपराध बैठक में एसपी ने कहा कि हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने को अब गिनते के दिन ही शेष रह गए है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों और प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व गोविंदघाट एवं घांघरिया में बाहरी व्यक्तियों, होटल कर्मियों, फड़ फेरी लगाने वालों तथा किराएदारों का सत प्रतिशत सत्यापन करने पर जोर रहेगा। इससे यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा कराई जाएगी। यात्रा मार्ग पर संचार व्यवस्था को प्रभावी एवं निर्वाध बनाने रखने पर जोर रहेगा। उन्होंने सभी वायरलेस सेटों की कनेक्टीविटी एवं संचालन व्यवस्था समय से पूरा करने को कहा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
एसपी पंवार ने बैठक में जनपद में संचालित आपरेशन प्रहार के तहत बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन को चलाए जा रहे अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने रेस ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, अवैध नंबर प्लेट, होटल एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया। हेमकुंड साहिब-लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाटोद्घाटन तथा अंतर्राराष्ट्रीय स्तर की साहसिक एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026 को सकुशल संपादित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं को चाक चैबंद करने को कहा।
बैठक में मौजूदा साल की सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 97 फीसदी अंक प्राप्त कर पुलिस परिवार की होनहार बेटी गायत्री बिष्ट को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर विगत माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस मैन आफ द मंथ के खिताब से निरीक्षक विनोद थपलियाल समेत अन्य पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में एसपी ने प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत एवं संसाधनों के समूचित उपयोग को लेकर की गई सार्वजनिक अपील को देखते हुए पुलिस अधिकारियों तथा जवानों को वाहन का उपयोग केवल अत्यावश्यक कार्यों को करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए अधिकतम संसाधन दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
इस दौरान चमोली के पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडेय समेत सभी थाना प्रभारी व अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *