उत्तराखण्ड में NCC के विस्तार पर “मंथन”

Uttarakhand News

(देहरादून)06अगस्त,2026

राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड में NCC के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में महानिदेशक ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को NCC से जोड़ने के लिए सीमावर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नई NCC इकाइयों की स्थापना और विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा प्रस्तावित NCC अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में NCC के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे राज्य के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *