शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को सीएम धामी ने किया नमन

Uttarakhand News

(देहरादून)31जुलाई,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऊधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी हम शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं, तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का सबसे दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस अमानवीय अत्याचार का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अमर गाथा है, जो प्रत्येक भारतीय को राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *