(देहरादून)29जुलाई,2026.
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में राज्य उच्च शिक्षा परिषद की 13वीं बैठक सचिवालय में आयोजित हुई। बैठक में एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई तथा 12वीं बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया गया। परिषद ने प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रावधानों को शत-प्रतिशत लागू करने पर सहमति जताई।
बैठक में देवभूमि उद्यमिता कार्यक्रम, संकाय विकास कार्यक्रम, भारतीय ज्ञान प्रणाली, पीएम-ऊषा योजना, निजी विश्वविद्यालय मॉडल अधिनियम और समर्थ पोर्टल के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि बैठक में कैरियर एडवांसमेंट स्कीम, भारत दर्शन योजना के प्रतिभागियों का चयन, महाविद्यालयों में नए पाठ्यक्रमों का संचालन, परीक्षा परिणामों से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, स्वायत्त एवं आदर्श महाविद्यालयों के शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों के निरीक्षण, शिक्षकों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उन्नयन, पाठ्यक्रमों के विकास तथा सभी संस्थानों में एंटी ड्रग सेल के गठन जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
उच्च शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि अब राज्य उच्च शिक्षा परिषद की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी। इनमें एनईपी-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, महाविद्यालयों को स्वायत्तता, शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा की शुचिता, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों, देवभूमि उद्यमिता योजना, भारतीय ज्ञान प्रणाली आधारित पाठ्यक्रम और नशामुक्ति अभियान जैसे विषयों पर नियमित निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अगले छह माह में प्रदेश का प्रत्येक विश्वविद्यालय 5-5 और प्रत्येक महाविद्यालय 2-2 सेमिनार आयोजित करेगा। इन सेमिनारों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश के मंत्री तथा विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
डॉ. रावत ने निर्देश दिए कि 10 से 15 अगस्त के बीच प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक एवं कर्मचारी भी सहभागिता करेंगे।
बैठक में उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, जयपाल चौहान, पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी, सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. भानु दुग्गल, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा वी.एन. खाली, नोडल पीएम-ऊषा डॉ. अनीता रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
