सीएचसी को मिली हाई-एंड कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन

Uttarakhand News

(देहरादून)16जुलाई, 2026.

उत्तराखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर में स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के सहयोग तथा ओएनजीसी के सीएसआर फंड से स्थापित हाई-एंड कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग के लिए स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन और ओएनजीसी का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर आधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मशीन के शुरू होने से रायपुर एवं आसपास के हजारों लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिलेगी, जिससे उन्हें बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि यह मशीन गर्भावस्था संबंधी जांचों के अलावा विभिन्न आंतरिक रोगों के सटीक परीक्षण में भी उपयोगी साबित होगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाएगा तथा भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों के प्रति सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी।

कार्यक्रम में रायपुर के विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सीएचसी रायपुर न केवल स्थानीय क्षेत्र बल्कि टिहरी के सीमावर्ती इलाकों के लोगों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज ओपीडी में उपचार के लिए आते हैं। उन्होंने अस्पताल को 50 बेड की सुविधा से आच्छादित करने का अनुरोध भी किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के नीरज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, सीएचसी रायपुर की प्रभारी डॉ. इंदु पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया(साभार एजेंसी

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *