(अल्मोड़ा)16जुलाई,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा जनपद के गरुड़ाबाज मैदान में हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद पौधारोपण अभियान और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वृद्ध जागेश्वर के समग्र विकास, मंदिर तक पेयजल योजना, ऐरावत गुफा, जटागंगा उद्गम स्थल, कोटिलिंग और अन्य धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास, आरतोला में राज्य अतिथि गृह, जागेश्वर-वृद्ध जागेश्वर-आरतोला क्षेत्र में नए मोबाइल टावर, आरतोला पार्किंग को मल्टीलेवल पार्किंग में विकसित करने, आरतोला-जागेश्वर सड़क मार्ग पर आरसीसी नाली एवं सोल्डर निर्माण तथा दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण के साथ विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसलों से राज्य की पहचान मजबूत हुई है तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ भी लिया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विधायक मोहन सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जागेश्वर क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में राज्यसभा और लोकसभा के जनप्रतिनिधियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत हजारों लोगों ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।(साभार सू वि)
