सभी प्रतिष्ठानों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट:सीएम धामी

Uttarakhand News

(देहरादून)23जून,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा प्रबंधन तथा आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियों का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से फायर सेफ्टी ऑडिट की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *