सीएम धामी ने 11करोड़ रुपए डीबीटी से खातों में भेजे

Uttarakhand News

(देहरादून)20जून,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिकों को लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की। यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री आवास मे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा और शिक्षा सहायता योजना के लाभार्थियों के खातों में वन क्लिक के माध्यम से राशि ट्रांसफर की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर लगाकर पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिया जाए।

विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर:

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के पास ही जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें सुविधा मिल सके। उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और उनके बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने योजनाओं के संचालन में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र श्रमिकों को ही मिले।

कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की है(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *