(देहरादून)16जून,2026.
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए 29 जून 2026 को प्रातः 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां, बायोडाटा, सेवायोजन पंजीयन कार्ड तथा पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में भाग लेने के लिए 16 जून 2026 तक सेवायोजन कार्यालय में अपना पंजीकरण कराना सुनिश्चित करना होगा। जिन अभ्यर्थियों का अभी तक सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण नहीं हुआ है, वे भी निर्धारित तिथि तक पंजीकरण कराकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
रोजगार मेले में फार्मा, बायो-मेडिसिन, लैबोरेट्री, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सेल्स और टेक्निकल सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर ₹12,300 से ₹30,000 प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थियों के लिए समान रूप से अवसर उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून से संपर्क कर सकते हैं(साभार एजेंसी)
