(देहरादून)20मार्च,2026
अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा में केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में विशेष पूजा करना महंगा होगा। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने पूजा शुल्क में बढ़ोतरी कर नई दरें तय कर दी हैं। बदरीनाथ धाम में श्रीमद भागवत कथा कराने के शुल्क में दोगुनी वृद्धि की गई। इसे 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। जबकि केदारनाथ धाम में दिन भर की पूजा के लिए 51 हजार रुपये शुल्क देना पड़ेगा। जो पहले 28,600 रुपये था।
चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं से बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में सामान्य दर्शन करने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है, लेकिन दोनों धामों में विशेष पूजा के लिए श्रद्धालुओं को बुकिंग करानी पड़ती है। बीकेटीसी की ओर से विशेष पूजा व सुबह-शाम होने वाली आरती के लिए शुल्क लिया जाता है। इस बार बीकेटीसी ने पूजा शुल्क में बढ़ोतरी कर नई दरें तय कर दी है। बीते दिनों बीकेटीसी की बोर्ड बैठक में पूजा शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बदरीनाथ में 37 व केदारनाथ में 46 तरह की पूजाएं:
बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में सुबह-शाम कई तरह की आरती होती है। इसके अलावा महाभिषेक, अभिषेक के साथ भोग व अन्य पूजाएं होती है। बीकेटीसी की विशेष पूजा के लिए बदरीनाथ धाम में 37 व केदारनाथ धाम में 46 तरह की पूजाएं शामिल हैं। इन पूजाओं के लिए शुल्क लिया जाता है।
बदरीनाथ मंदिर में पूजा शुल्क की संशोधित दरें:
पूजा पूर्व दरें नई दरें(रुपये में)
महाभिषेक 4700 5500
अभिषेक 4500 5300
खीर भोग 1001 2100
अखंड ज्योति दैनिक 1500 2100
अखंड ज्योति वार्षिक 4951 6000
वेद व गीता पाठ 2500 3100
श्रीमद भागवत कथा 51,000 1,00,000
कूपर आरती 1951 3000
चांदी आरती 2731 5100
स्वर्ण आरती 5202 6100
बाल भोग 7301 10,000
महाभोग 32501 45,000
केदारनाथ मंदिर में पूजा शुल्क की संशोधित दरें:
पूजा पूर्व दरें नई दरें(रुपये में)
महाभिषेक 9500 11,500
रुद्राभिषेक 7200 7500
लघु रुद्राभिषेक 6100 7100
बाल भोग 1000 1500
शिव सहस्त्रनाम 2000 2500
अखंड ज्योति दैनिक 3800 5100
दिन भर की पूजा 28,600 51,000
कपूर आरती 1900 2400
अखंड ज्योति 28,600 35,000
हर साल की तरह इस बार भी बीकेटीसी की बोर्ड बैठक के निर्णय के बाद विशेष पूजा के लिए शुल्क की नई दरें निर्धारित की गई हैं। यह दरें आगामी चारधाम यात्रा से लागू होंगी। दोनों धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है।
- हेमंत द्विवेदी, अध्यक्ष बीकेटीसी(साभार एजेंसी)
