(देहरादून)14फरवरी,2026.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आमवाला तरला आवासीय योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
सचिव आवास ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित EWS भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां निवास कर रहे लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। लाभार्थियों ने योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। सचिव महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन LIG, MIG & HIG वर्ग के भवनों का भी जायजा लिया गया। सचिव को अवगत कराया गया कि एचआईजी वर्ग के लगभग सभी फ्लैट बुक किए जा चुके हैं ।
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माणदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, चरणबद्ध समीक्षा और तकनीकी मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया।(साभार एजेंसी)
