(देहरादून)30दिसंबर,2025
उत्तराखंड में किसानों को उन्नत किस्म के पौधे मिले जिन पर बेहतर फल लगें इसके लिए प्रदेश में क्लीन प्लांट सेंटर बनेगा। सेंटर के लिए 100 करोड़ दिए जाएंगे। वहीं कीवी व अन्य फलों के लिए न्यूजीलैंड के साथ मिलकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तैयार कर राज्य को फलोत्पादन में देश की राजधानी बनाया जाएगा। यह घोषणा केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गौचर में राज्य किसान दिवस का आगाज करते हुए की।इसके साथ ही हर माह प्रदेश में आयोजित होने वाले किसान दिवसों का आगाज हो गया है। अब वर्ष 2026 से ब्लाक स्तर पर इन दिवसों का आयोजन होगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने केंद्र की वीबी जीरामजी योजना पर कांग्रेस को कठघरे मेंं खड़ा करते हुए कहा कि जिस योजना पर कांग्रेस छाती पीट रही है उसमें लगातार भ्रष्टाचार था। ऐसे में इस योजना के किसानों, महिलाओं और गांव के समग्र विकास के लिए बदलाव किया गया है। योजना में पहले जहां 88 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान था, अब इसे बढ़ाकर 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ कर दिया गया है। जबकि रोजगार दिवस की संख्या बढ़ाकर 125 कर दी है।
उन्होंने कहा कि राज्यों को दिए जाने वाले बजट की प्रक्रिया में भी बदलाव किया जा रहा है। अब राज्य की जरूरत की योजनाओं में भरपूर बजट दिया जाएगा। उत्तराखंड में कृषि का एक रोड मैप तैयार किया जाएगा। इसमें वैज्ञानिकों, अधिकारियों की टीम पीएम, सीएम सहित अन्य के मार्गदर्शन में काम करेगी। कृषि मंत्री ने प्रदेश में किसानों से इंटीग्रेटेड खेती को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही पहाड़ की खेती को बंदर और अन्य जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ योजना में मदद करने का आश्वासन दिया।
माल्टे की टोकरी और रम्माण का मुखौटा किया भेंट:
गौचर में आयोजित राज्य किसान दिवस पर कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग ने सीएम पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को शॉल के साथ ही विश्व धरोहर रम्माण का मुखौटा देकर सम्मानित किया। साथ ही पहाड़ के माल्टा और नींबू की टोकरी भी प्रदान की(साभार एजेंसी)
