(हल्द्वानी,नैनीताल)02मार्च,2025.
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कुमाऊं मोटर्स आनर्स यूनियन (केमू) ने हल्द्वानी से हिमनगरी मुनस्यारी के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। इस सफर का टिकट 640 रुपया रखा गया है। इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।
एक दशक पूर्व तक हल्द्वानी से मुनस्यारी के लिए केमू की सीधी बस सेवा संचालित होती थी। बाद में यह सेवा बंद हो गई। इसके चलते लोग अधिक किराये पर टैक्सी से यात्रा करने को विवश हो गए। केमू पिथौरागढ़ के इंचार्ज अशोक चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार से इस सेवा का संचालन किया गया है। यह बस हल्द्वानी से सुबह पांच बजे वाया सेराघाट, बेड़ीनाग, थल, नाचनी होते हुए मुनस्यारी के लिए रवाना होगी। शाम को बस मुनस्यारी पहुंचने के बाद अगले दिन सुबह पांच बजे हल्द्वानी के लिए चलेगी।
इस सेवा के संचालित होने से मुनस्यारी से सुबह नाचनी, थल, बेड़ीनाग, गणाईगंगोली, सेराघाट से अल्मोड़ा, हल्द्वानी जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। चौहान ने बताया कि पिथौरागढ़ से ग्वालदम, रामनगर, हल्द्वानी, गंगोलीहाट आदि जगहों के लिए अभी छह बसों का संचालन किया जा रहा है।
उधर मुनस्यारी के सामाजिक कार्यकर्ता श्रीराम सिंह धर्मशक्तू, जगत मर्तोलिया, इंद्रा देवी, विक्रम सिंह पांगती आदि ने कहा कि बस सेवा का लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा(साभार एजेंसी)