(देहरादून)07दिसंबर,2025.
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सवाड़, जनपद चमोली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। सवाड़ पहुँचने पर क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास और सैन्य सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ग्वालदम–देवाल–वाण मोटर मार्ग को नंदा देवी राजजात के आयोजन के उपरांत BRO को सौंपने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। साथ ही ‘अमर शहीद सैनिक मेला सवाड़’ को राजकीय मेला का दर्जा दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने रामपुर तोर्ती को कुमाऊं क्षेत्र से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थराली के तलवाड़ी तथा नंदानगर के लांखी क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
सवाड़ स्थित सैनिक स्मृति संग्रहालय का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सवाड़ की धरती राष्ट्रभक्ति, समर्पण और शौर्य की अद्वितीय मिसाल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं सैनिक परिवार से हैं और इस वीरभूमि में पहुंचकर उनके पिता द्वारा सुनाई गई वीरगाथाएं स्मृतियों में ताजा हो उठीं। उन्होंने कहा कि सवाड़ गांव के वीर जवानों ने सदैव राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अप्रतिम त्याग किया है और यह पहचान पूरे भारतवर्ष में है।
रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिले हैं। जहां पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए विदेशों पर निर्भर था, वहीं आज देश स्वदेशी रक्षा तकनीक का निर्यात करने वाले अग्रणी राष्ट्रों में शामिल है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए सैनिकों के साहस, सामरिक क्षमता और स्वदेशी हथियारों की शक्ति को भारत की प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया।
राज्य की सामाजिक चुनौतियों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक विकृतियों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने निर्णायक कदम उठाए हैं ताकि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने UCC को व्यावहारिक रूप से लागू किया है।
इस अवसर पर विधायक थराली श्री भूपाल राम टम्टा, DM श्री गौरव कुमार, SP श्री सुरजीत सिंह पंवार, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री रामचन्द्र गौड़, उपाध्यक्ष श्री हरक सिंह नेगी, मेला समिति सवाड़ के अध्यक्ष श्री आलम सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
