नहीं हुई इस साल भी नवंबर में बारिश

Uttarakhand News

(देहरादून)29नवंबर,2025.

उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में इस साल भी नवंबर में बारिश नहीं हुई। इसके चलते सूखी ठंड ने मैदान से लेकर पहाड़ तक खूब परेशान किया। जबकि आने वाले दिनों में भी अभी फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेशभर में नवंबर में सामान्य रूप से 5.9 एमएम बारिश होती है। जबकि चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में ही महीने के शुरुआती दिनों में हल्की बारिश हुई। अन्य जिलों में तो बारिश का आंकड़ा शून्य रहा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न के चलते इस साल भी बारिश नहीं हुई। 10 साल के आंकड़ों की बात करें तो साल 2024 से पहले 2021 और 2016 में नवंबर में बारिश नहीं हुई थी। यही वजह है कि मैदानी इलाकों के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी सामान्य तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है।

शुक्रवार के तापमान की बात करें तो दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री बढ़ोतरी के साथ 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के साथ 8.7 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा। आने वाले दिनों की बात करें तो चार दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। पहाड़ों में पाला तो मैदानी इलाकों में हल्का कोहरा सुबह-शाम ठंड का एहसास करा रहा है(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *