स्वास्थ्य विभाग में ANM और MPW के पद सृजित-मंत्री डॉ.रावत

Uttarakhand News

(देहरादून)28नवंबर,2025

उत्तराखंड राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेशभर के स्वास्थ्य उपकेन्द्रों और एएनएम सेंटरों में सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एएनएम और एमपीडब्ल्यू के कुल 48 नए पद सृजित किए गए हैं। इन पदों के सृजन को विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नवसृजित पदों में एएनएम के 24 और एमपीडब्ल्यू के 24 पद शामिल हैं। राज्य के 9 जनपदों में पहले से स्थापित 15 तथा नए प्रस्तावित 8 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों के लिए एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 23–23 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद उत्तरकाशी के नौगांव विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंसेरू में स्थित स्वास्थ्य उपकेन्द्र कंसेरू के लिए आईपीएचएस मानकों के तहत एएनएम एवं एमपीडब्ल्यू के 1–1 पद स्वीकृत हुए हैं। इस प्रकार कुल 48 पदों का सृजन पूर्ण हो चुका है।

इनमें एमपीडब्ल्यू के 24 पद आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाएंगे, जबकि एएनएम के 24 पदों को सीधी भर्ती के जरिए भरा जाएगा। विभाग का कहना है कि राज्य सरकार पहले से ही एएनएम के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित कर रही है और जल्द ही इन नए पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। नए पदों पर तैनाती से स्वास्थ्य उपकेन्द्रों की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, गर्भवती महिलाओं व शिशुओं की स्वास्थ्य देखभाल मजबूत होगी तथा प्रदेश में टीकाकरण अभियान को अतिरिक्त बढ़ावा मिलेगा।

उत्तराखंड राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को गांव व स्थानीय स्तर तक उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन पदों के सृजन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं का दायरा और सेवा गुणवत्ता दोनों बढ़ेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।

डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 24–24 पद सृजित कर दिए गए हैं। इन पदों पर शीघ्र तैनाती की जाएगी। इससे प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल और टीकाकरण में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *