लाखामंडल पहुंचे सीएम धामी,महादेव की पूजा अर्चना की

Uttarakhand News

(देहरादून)24नवंबर,2025.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को प्राचीन शिव नगरी लाखामंडल पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश व विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा जौनसार बावर के प्रवेश द्वार कालसी में यमुना घाट निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा देगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। महासू देवता हनोल में 120 करोड़ रुपये की लागत से मास्टर प्लान का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है, जो क्षेत्र की धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर को नई मजबूती देगा।

स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊ की थाप और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है। जौनसार बावर क्षेत्र की आवश्यकता और अपेक्षाओं को देखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा जनजातीय क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी विकास कार्य में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जौनसार-बावर की अनूठी परंपराओं, लोक संस्कृति एवं विशिष्ट पहचान की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए पूरे देश में सम्मान प्राप्त करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा पूरे राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जन उपयोगी योजनाओं का लाभ सीधा जनता तक पहुंच रहा है। सरकार के दूरगामी और साहसिक निर्णयों के कारण उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष पहचान स्थापित की है।

इस दौरान पुरोला के विधायक दुर्गेश लाल, जनजातीय सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीताराम गौड़, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष मूरतराम शर्मा, सरदार सिंह चौहान, भाजपा क्वांसी मंडल अध्यक्ष प्रीतम सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील गौड़, राकेश तोमर उत्तराखंडी, दीवान सिंह राणा, प्रदीप वर्मा आदि उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *