व्यवसायिक गैस सिलेण्डरों की अतिरिक्त आपूर्ति हेतु केन्द्र सरकार से करेंगे अनुरोध

Uttarakhand News

(देहरादून)1मार्च,2026

वर्तमान परिदृश्य के मद्देनजर आगामी चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडरों की मांग में वृद्धि को देखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन के निर्देशों के क्रम में, व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के अतिरिक्त आवंटन हेतु भारत सरकार से मांग की जाएगी। विभाग द्वारा इस संबंध में विस्तृत आकलन करते हुए मांग का निर्धारण किया गया है तथा भारत सरकार को प्रेषित किए जाने वाले प्रस्ताव के बिंदुओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि यात्रा अवधि के दौरान आपूर्ति बाधित न हो।

सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में बुधवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान संभावित मांग, भंडारण क्षमता, आपूर्ति श्रृंखला, परिवहन व्यवस्था तथा वितरण तंत्र की विस्तार से समीक्षा की गई।

सचिव श्री आनंद स्वरूप ने कहा कि यात्रा के दौरान प्रदेश में लाखों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता है, जिससे होटल, धर्मशाला, ढाबा, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस सहित अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी गैस की खपत बढ़ जाती है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने तेल विपणन कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में गैस की आपूर्ति को हर स्थिति में सुचारू, संतुलित एवं निर्बाध बनाए रखा जाए। साथ ही, विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग एवं अन्य अनियमितताओं को रोकने हेतु प्रदेशभर में सघन प्रवर्तन अभियान जारी रखा जाए। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि विभाग केवल एलपीजी ही नहीं, बल्कि डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता पर भी सतत निगरानी रख रहा है।

साढ़े नौ लाख से अधिक सिलेंडरों की खपत का आकलन

सचिव श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से नवंबर तक की अवधि के दौरान प्रदेश के लगभग 14,901 पंजीकृत वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक एलपीजी गैस की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस अवधि के लिए लगभग 9,67,950 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता का आकलन किया गया है।

व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति में सुधार

विगत दो-तीन दिनों में ऑयल कंपनियों द्वारा आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। जहाँ पूर्व में यह आपूर्ति लगभग 3,000 सिलेंडर प्रतिदिन थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 6,000 सिलेंडर प्रतिदिन से अधिक कर दिया गया है।

कालाबाजारी पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति: 16 एफआईआर दर्ज, 07 गिरफ्तार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशानुसार, कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। 31 मार्च 2026 तक की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:

कुल निरीक्षण: 5,389

छापेमारी: 87 स्थानों पर

एफआईआर (FIR): 16 दर्ज

गिरफ्तारी: 7 व्यक्ति

जब्त सिलेंडर: 699 (घरेलू) एवं 168 (व्यावसायिक)

अर्थदंड: लगभग ₹1,01,300

बैठक में अपर आयुक्त श्री पीएस पांगती, आईओसीएल के डिवीजनल हेड श्री स्वर्ण सिंह, बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर श्री जेएल प्रसन्ना, एचपीसीएल के चीफ रीजनल मैनेजर श्री पंकज आदि उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *