राष्ट्रपति ने किया फुट ओवरब्रिज व घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण

Uttarakhand News

(देहरादून)02नवंबर,2025.

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में आने वाले आंगतुकों की सुविधा के लिए नौ करोड़ की लागत से तैयार फुट ओवर ब्रिज व घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण किया। इन दोनों परियोजनाओं से राष्ट्रपति निकेतन परिसर में आधुनिकता, सुरक्षा और विरासत का अद्भुत संगम दिखा।

राजपुर रोड पर बने 105 फीट लंबे पैदल पुल से राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति उद्यान को जोड़ा गया है। लोक निर्माण विभाग ने लगभग नौ करोड़ की लागत से बने पैदल पुल को हिमालयी वास्तुकला पर तैयार किया है। पैदल पुल अब व्यस्त राजपुर रोड पर लोगों की सुरक्षा के लिए एक विकल्प बन गया है।

वहीं, राष्ट्रपति निकेतन परिसर में 0.7 एकड़ में घुड़सवारी क्षेत्र विकसित किया गया है, जो राष्ट्रपति के अंगरक्षकों (पीबीजी) की ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। सीपीडब्ल्यूडी के माध्यम से निर्मित इस अत्याधुनिक क्षेत्र में 8 घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, स्नान व चारा कक्ष, आगंतुकों के लिए देखने के लिए विशेष गलियारा तैयार किया गया है।

राष्ट्रपति निकेतन अब आम आगंतुकों के लिए सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। यहां आगंतुकों को राष्ट्रपति सर्किट का समृद्ध अनुभव देने के लिए टूअर गाइड की भी व्यवस्था की गई है। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने देखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति की छटा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देर शाम राष्ट्रपति निकेतन परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में राज्य की लोक संस्कृति की छटा देखी। समारोह में लोक कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी लोक गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। उत्तराखंड संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने राज्य के लोक कलाकारों से मिलकर उनकी हौसला-अफजाई की(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *