(देहरादून)24अक्टूबर,2025.
विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत चार वरिष्ठ अधिकारियों को आखिरकार अपर शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नति दे दी गई है। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के उपरांत शासन ने पदोन्नति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही सभी अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।
विद्यालयी शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे राज्य शैक्षिक (प्रशासनिक संवर्ग) सेवा के चार वरिष्ठ अधिकारियों को अपर शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को नई तैनाती भी दे दी गई है।
विद्यालयी सचिव रविनाथ रामन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गजेन्द्र सिंह सोन को अपर शिक्षा निदेशक, प्रारम्भिक शिक्षा (कुमायूं मंडल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुलदीप गैरोला को अपर शिक्षा निदेशक, निदेशालय प्रारम्भिक शिक्षा के साथ-साथ अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
शिव प्रसाद सेमवाल को अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा (कुमाऊं मंडल) पद पर पदोन्नत किया गया है।
आनंद भारद्वाज को अपर शिक्षा निदेशक, महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है।
शासन ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अपने नवीन पद का कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार ग्रहण प्रमाणक शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि इन वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ तेजी भी आयेगी।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की यह पदोन्नति न केवल उनके अनुभव और कार्यकुशलता का सम्मान है, बल्कि इससे विभागीय कार्यों में और अधिक गति एवं पारदर्शिता आयेगी। राज्य सरकार हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील रही है और यह पदोन्नति उसी का परिणाम है(साभार एजेंसी)
