भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद

Uttarakhand News

(देहरादून)18अक्टूबर,2025.

श्री केदारनाथ धाम के क्षेत्ररक्षक भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट आज शनिवार अपराह्न 1 बजकर 15 मिनट पर शीतकाल के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात बंद कर दिए गए। इससे पूर्व श्री केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भोग एवं हवन का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी, श्री केदार सभा तथा पंच पंडा समिति रूद्रपुर के सदस्यगण मंदिर परिसर से कपाट बंद करने हेतु श्री भैरवनाथ जी के मंदिर की ओर प्रस्थान किए।

कपाट बंद करने की विधिवत प्रक्रिया केदारनाथ धाम के पुजारी बागेश लिंग, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, वेदपाठी यशोधर मैठाणी तथा तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूरी की गई। इस अवसर पर स्थानीय पकवानों एवं रोट का भोग लगाया गया और हवन यज्ञ के साथ कपाट बंद करने की परंपरा निभाई गई।

कार्यक्रम में बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी/कार्यपालक मजिस्ट्रेट विजय प्रसाद थपलियाल, बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला, मंत्री राजेंद्र तिवारी, संतोष त्रिवेदी, भैरवनाथ पश्वा अरविंद शुक्ला, अनिल शुक्ला, अंकित सेमवाल, उमेश पोस्ती तथा बीकेटीसी प्रभारी अधिकारी केदारनाथ यदुवीर पुष्पवान सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्री भैरवनाथ जी के कपाट बंद होने के साथ ही अब श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद करने की तैयारियाँ प्रारंभ हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 23 अक्टूबर को शीतकाल हेतु बंद किए जाएंगे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *