मुख्यमंत्री धामी द्वारा डिजिटल क्लासरूम का शुभारंभ

Uttarakhand News

(देहरादून)24सितम्बर,2025.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उत्तराखण्ड सी.एस.आर. डायलॉग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट के प्राथमिक विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम का वर्चुअल शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में एक्सिस बैंक समूह के साथ राज्य के 24 विद्यालयों के डिजिटलाइजेशन तथा टोयटा के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में सीएसआर संचालित करने के लिए एमओयू किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रमुख कॉरपोरेट हाउस उत्तराखण्ड में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सराहनीय योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2023 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया था, जिसके अंतर्गत 3.56 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनमें से लगभग 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति, एमएसएमई नीति समेत 30 से अधिक नीतियां लागू कर राज्य को उद्योगों के लिए उपयुक्त माहौल उपलब्ध कराया गया है। साथ ही स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने हेतु 200 करोड़ के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए राज्य लगातार प्रयासरत है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना। सभी सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य की गई हैं और व्यावसायिक छात्रों के लिए रोजगार मेलों का आयोजन कर कई विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए राज्य ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। अब तक 100 से अधिक नकल माफिया सलाखों के पीछे पहुंचाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि नकल माफियाओं को पूरी तरह खत्म किए बिना सरकार चैन से नहीं बैठेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, टोयटा के कंट्री हेड विक्रम गुलाटी, सचिव उद्योग विनय शंकर पाण्डेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *