(नई दिल्ली) 12सितम्बर,2025.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की तैयारियां हर राज्य में शुरू कर दी हैं. ये सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा. यह अभियान ‘सेवा ही संगठन’ के मंत्र पर आधारित है और देशभर में स्वच्छता, रक्तदान, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविरों जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनसेवा को बढ़ावा देगा।
इसी संबंध में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता के तहत इन तमाम कार्यक्रमों की जानकारी दी. इस दौरान उनके साथ पार्टी के महामंत्री सुनील बंसल भी मौजूद थे. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन हर साल भाजपा द्वारा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाता है. ऐसे में इस वर्ष पार्टी विशेष आयोजन कर रही है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार यह 16 दिवसीय अभियान पूरे देश में चलेगा, जिसमें कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे. इसके तहत 17-19 सितंबर को सभी जिलों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे, जबकि 18-24 सितंबर तक मंडल स्तर पर स्कूलों और अस्पतालों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी विशेष कार्यक्रम होंगे और 2 अक्टूबर को ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत खादी उत्पादों को प्रोत्साहन दिया जाएगा.
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि यह अभियान केवल सेवा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘चलो जीते हैं’ का प्रदर्शन भी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जैसे बिहार में घर-घर महासंपर्क अभियान, उत्तर प्रदेश में युवा मोर्चा द्वारा 75 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य और राजस्थान में स्वच्छता पखवाड़ा।
यह अभियान 2014 से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है, जो मोदी सरकार की जनकल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा. उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में मुख्य तौर पर ये कार्यक्रम शामिल है. जिनमें मुख्य रूप से देश भर के सभी जिलों में रक्तदान , केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य शिविर, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किए गए कार्यों की देश भर में प्रदर्शनी और सभी जिलों में प्रबुद्ध लोगों की गोष्ठियां शामिल हैं.
इसके अलावा विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान और संवाद, दिव्यांगों के लिए सहयोगी उपकरण वितरण और संवाद, 21 सितंबर को सुबह देश भर में 75 शहरों में एक साथ मोदी विकास मैराथन, 21 सितंबर से देशभर में सांसदों का खेल पखवाड़ा, 17 सितंबर से विकसित ड्राइंग कंपीटिशन , 25 सितंबर को दिनदयाल जी की जयंती पर एक आत्मनिर्भर भारत विकसित भारत, लोकल फॉर वोकल, 25 सितंबर से एक पेड़ मां के नाम पेड़ लगाना, पार्क निर्माण और महात्मा गांधी के जन्म दिवस यानी 2 अक्टूबर को भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान पौधारोपण और अपशिष्ट पुनर्चक्रण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी. यह सेवा पखवाड़ा न केवल प्रधानमंत्री मोदी की जन्मजयंती को स्मरण करने का माध्यम है, बल्कि समाज के हर वर्ग—गरीब, किसान, युवा और महिलाओं—की समस्याओं का समाधान करने का अवसर भी प्रदान करेगा. भाजपा का मानना है कि ‘राष्ट्रप्रथम’ की भावना से प्रेरित यह अभियान देश को मजबूत बनाने में योगदान देगा।(साभार एजेंसी)
