(देहरादून )11जुलाई,2025.
इस वर्ष हरेला पर्व पर उत्तराखंड पौधरोपण पर रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। इस दिन पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 05 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। जिसमें से गढ़वाल मंडल में 03 लाख और कुमाऊं मंडल में 02 लाख पौधे रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस बार हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ और एक पेड़-माँ के नाम की थीम पर यह पौधरोपण आयोजित किया जाएगा। पूरे माह इस पर्व के तहत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
देवभूमि उत्तराखण्ड की संस्कृति में हरेला मात्र एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की एक जीवंत और पवित्र परंपरा है। यह पर्व हमारी लोकसंस्कृति, आस्था और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों का प्रतीक है।
इस वर्ष 16 जुलाई 2025 को हरेला पर्व के प्रथम दिवस पर प्रदेशभर में 5 लाख पौधे रोपित करने का संकल्प लिया गया है। यह केवल वृक्षारोपण नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक हरित धरोहर की नींव रखने का प्रयास है।