(ऊधमसिंह नगर)04मई,2025.
रूद्रपुर नगर निगम की ओर से इसको लेकर ट्रांजिट कैंप में रजत जयंती पार्क बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। पार्क में राज्य गठन के 25 साल के साइनेंज के साथ फुलवारी और बच्चों के लिए पार्क बनेगा। निगम की ओर से डीपीआर बनाने का जिम्मा एक फर्म को दिया गया है। दरअसल राज्य गठन को इस वर्ष 25 साल होने जा रहे हैं। इसको देखते हुए निगम की ओर से रजत जंयती पार्क बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ट्रांजिट कैंप के दुर्गा मंदिर परिसर का चयन किया गया है। निगम की ओर से जमीन चिन्ह्ति करने के बाद डीपीआर बनवाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि लंबे आंदोलन और लोगों की शहादत के बाद अलग राज्य मिला था। इसके बाद से ही राज्य का निरंतर विकास होता आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में सरकार उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। इस साल राज्य गठन के 25 सालपूरे होने जा रहे हैं। इसको देखते हुए रजत जयंती पार्क बनाने की कार्यवाही की जा रही है। पार्क के प्रवेश वाली जगह पर देवभूमि रजत जयंती पार्क का साइनेज होगा। पार्क में इनोवेटिव बैंच, वॉकिंग ट्रेल, फव्वारा, बच्चों के लिए पार्क, सेल्फी कियोक्स होगा। इसके अलावा पीने के पानी की सुविधा के साथ ही डस्टबिन भी रखे जाएंगे। डीपीआर तैयार होने के बाद बजट मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। यह अपने आप में नए तरीके का प्रयोग होगा।(साभार एजेंसी)