(देहरादून)27नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, आबकारी और शहरी विकास से जुड़े 20 से अधिक प्रस्तावों पर मुहर लगी। इन फैसलों का सीधा असर आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, गन्ना किसानों, युवाओं और प्रदेश की आम जनता पर पड़ेगा।
आशा कार्यकर्ताओं को ₹1700 मासिक बढ़ोतरी
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1,700 प्रतिमाह की वृद्धि का निर्णय लिया है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका है। इस बढ़ोतरी से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनका मनोबल बढ़ेगा। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय हेतु मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है, ताकि जल्द ही उनके लिए भी राहत भरा निर्णय लिया जा सके।
चीनी मिलों को ₹207.75 करोड़ की गारंटी
पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को गन्ना किसानों को समय पर भुगतान हेतु ₹207.75 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से गन्ना किसानों को अपने गन्ने का भुगतान समय पर मिलेगा और उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को मंजूरी
सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 के अंतर्गत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित करने का निर्णय लिया गया। इससे संगठित व असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। मजदूरों और कर्मचारियों को अब बीमा, स्वास्थ्य और पेंशन जैसी सुविधाएं नियमों के तहत मिल सकेंगी।
वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को राहत
वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इस फैसले से उन युवाओं को भी मौका मिलेगा, जो आयु सीमा के कारण भर्ती से वंचित रह जाते थे।
हरिद्वार में ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी
हरिद्वार शहर में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पॉड टैक्सी) ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी दी गई। तीन कॉरिडोर की कुल लंबाई 21.08 किमी और 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस आधुनिक परिवहन प्रणाली से हरिद्वार में जाम की समस्या कम होगी और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा मिलेगी।
अन्य बड़े निर्णय
- जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क को 10 प्रतिशत तथा क्षतिपूर्ति शुल्क को 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया।
- आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के 5 और सहायक आबकारी आयुक्त के 6 नए पद (कुल 11 पद) सृजित किए गए।
- राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा बॉन्ड को अनुमन्य किया गया।
- उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 को मंजूरी दी गई।
- महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को संशोधित कर पुरानी व्यावहारिक दरें बहाल करने का निर्णय लिया गया।
इनके अलावा सफाई कर्मचारी आयोग में अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद, एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली, सेतु आयोग आईटी सेवा नियमावली, लेखा परीक्षा सेवा में संशोधन, पंचम विधानसभा के तृतीय सत्र का सत्रावसान और अन्य कई प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।(साभार सू वि)


