सीएम चौधरी ने ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को दिखाई हरी झंडी

Bihar

(पटना,बिहार)19नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने ‘गन्ना विकास रथ-2026’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वर्तमान में 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं तथा जल्द ही 5 और चीनी मिलें शुरू की जाएंगी। नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से गन्ना उद्योग को मजबूत करना एवं किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गन्ना किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य समय पर मिले और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए। चीनी मिलों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गन्ना विकास रथ’ के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना बीज, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद, कृषि यंत्रीकरण पर अनुदान और नए क्षेत्रों में निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। यह रथ गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगा।

उन्होंने कहा कि ‘गन्ना ID’ एवं ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट के माध्यम से किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इसके जरिए किसान अपनी फसल, पर्ची, भुगतान और सरकारी योजनाओं की जानकारी मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इससे छोटे और सीमांत किसान भी आधुनिक खेती की जानकारी से जुड़ सकेंगे। सरकार गन्ना किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।(साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *