मालसी चिड़ियाघर का नया स्टार बना “सफेद बाघ तेजस”

Uttarakhand News

(देहरादून)19नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने चिड़ियाघर परिसर का भ्रमण किया और वन्यजीवों के संरक्षण, देखभाल और दर्शकों की सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और अधिक बढ़ गया है। अब यहां आने वाले पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों को सफेद बाघ को करीब से देखने का एक नया और रोमांचक अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। चिड़ियाघर केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के लिए प्रकृति को समझने की जीवंत पाठशाला है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि बच्चे और युवा वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को प्रत्यक्ष रूप से देखें और समझें तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक बनें।

उन्होंने कहा कि युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। चिड़ियाघर में आकर विद्यार्थी वन्यजीवों के व्यवहार, उनके आवास और संरक्षण की चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इससे उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना भी विकसित होगी।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। चिड़ियाघर में ‘तेजस’ को देखने के लिए पहले ही दिन से पर्यटकों में खास उत्साह देखा गया।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *