(नई दिल्ली )11 नवंबर 2026
स्वच्छता के मामले में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 हजार से तीन लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। पिछले साल इसी आबादी वर्ग में एनडीएमसी को सुपर स्वच्छ लीग सिटी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इस बार परिषद ने सीधे देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर के तौर पर अपनी जगह बना ली है। बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने एनडीएमसी को इस उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया।
केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यालयों, विदेशी दूतावासों और महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों के साथ-साथ कनॉट प्लेस, खान मार्केट, जनपथ और सरोजिनी नगर जैसे बड़े व्यावसायिक बाजार भी एनडीएमसी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आते हैं। ऐसे में नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा उठान और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखना परिषद के लिए एक बड़ी चुनौती है।
परिषद के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए रात के समय सफाई, मशीनों से सड़कों की सफाई, कचरा उठाने और सड़कों की धुलाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही कचरे के अलग-अलग पृथक्करण, रीसाइक्लिंग और स्थानीय स्तर पर जैविक कचरे के प्रसंस्करण की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। एनडीएमसी क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 300 टन नगरपालिका ठोस कचरा निकलता है। इसके वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए परिषद के पास कुल 509 टन प्रतिदिन की प्रसंस्करण क्षमता उपलब्ध है। (साभार एजेंसी)


