पौड़ी में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखंड स्थापना दिवस

Uttarakhand News

(पौड़ी गढ़वाल)09नवंबर 2026

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जनपद मुख्यालय पौड़ी गढ़वाल स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी सहित उपस्थित अतिथियों ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। इस मौके पर सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही बाल विकास विभाग के द्वारा पांच लाभार्थियों को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग के द्वारा सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों तथा सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य लंबे संघर्ष, जनआंदोलन और आंदोलनकारियों के त्याग-बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा दर्दनाक अध्याय हैं, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय तरक्की की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सभी से मिलजुलकर कार्य करने का आह्वान किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों, मातृशक्ति, युवाओं और आम जनता के संघर्ष व बलिदान से संभव हो पाया है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित कर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास में सभी की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि आंदोलनकारियों के अथक परिश्रम और जनता की एकजुटता से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौड़ी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए पर्यटन के विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने कहा कि राज्य निर्माण में महिलाओं की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही है। नई पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना बेहद जरूरी है, ताकि वे राज्य निर्माण के उद्देश्यों को समझकर प्रदेश के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, डीएफओ महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, दिव्येश उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेघना असवाल, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली सहित तमाम विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे। (साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *