एक्शन में आया प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कुमाऊं के दो शहरों में एयर क्वालिटी पर पैनी नजर

Uttarakhand News

(नैनीताल)08 नवंबर 2026

दीपावली के त्योहार पर वायु प्रदूषण के खतरे को देखते हुए उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के निर्देशों के बाद कुमाऊं के प्रमुख शहरों हल्द्वानी और नैनीताल में वायु प्रदूषण की सैंपलिंग और निगरानी के लिए विशेष मशीनें लगाई गई हैं। यह विशेष निगरानी अभियान दीपावली से एक सप्ताह पहले से शुरू होकर पर्व के एक सप्ताह बाद तक निरंतर जारी रहेगा।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल दीपावली के अवसर पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी में दो अलग-अलग स्थानों पर और नैनीताल में एक स्थान पर अत्याधुनिक मॉनिटरिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों के जरिए जुटाए गए वायु गुणवत्ता के आंकड़ों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी जाएगी।

पिछले सालों का रिकॉर्ड: 2023 में सबसे ज्यादा खराब रही थी हवा

अनुराग नेगी के अनुसार पिछले आंकड़ों पर गौर करें तो दीपावली के दिन हल्द्वानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स चिंताजनक स्तर पर रहा था। साल 2023 में हल्द्वानी का AQI 223 दर्ज किया गया था जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं 2024 में 192 और 2025 में 194 AQI दर्ज हुआ था, जो औसत श्रेणी में माना गया। 2025 में दीपावली दो दिन होने के कारण आंकड़ा इसी स्तर पर रहा।

वर्तमान स्थिति: नैनीताल की हवा हल्द्वानी से बेहतर

ताजा आंकड़ों के मुताबिक 6 नवंबर 2026 को हल्द्वानी का AQI 110 दर्ज किया गया है, जबकि 7 नवंबर को नैनीताल का AQI 74 रहा, जो अपेक्षाकृत बेहतर है। हालांकि पूरे प्रदेश में प्रदूषण के लिहाज से उधम सिंह नगर जिला अभी भी सबसे आगे है, जहां रुद्रपुर का AQI 141 और काशीपुर का 145 दर्ज किया गया है।

जानिए AQI का मतलब और सेहत पर इसका असर

0 से 50 AQI अच्छा माना जाता है और स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है। 51 से 100 संतोषजनक श्रेणी है। 101 से 200 औसत है जिसमें सांस के मरीजों को दिक्कत हो सकती है। 201 से 300 खराब श्रेणी है। 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी है जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *