(देहरादून)27अक्टूबर 2026.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आज प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) की समीक्षा की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों का अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें। जिन केंद्रों के भवन जर्जर हालत में हैं, उन्हें नियमानुसार पास के सरकारी भवनों में शिफ्ट किया जाए। साथ ही हर बूथ पर बिजली, रैंप, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी डीईओ को अगले 10 दिन विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची का परीक्षण करने के निर्देश दिए। मतदाताओं के नाम, आयु और संबंधों में त्रुटि मिलने पर फॉर्म-8 भरकर सुधार किया जाएगा।
प्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 की शुरुआत होगी। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी, 28 दिसंबर तक उनका निस्तारण होगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि दावे-आपत्तियों की अवधि में एक व्यक्ति अधिकतम 10 फॉर्म-7 और सतत अद्यतन के दौरान प्रति माह अधिकतम 5 फॉर्म-7 ही जमा कर सकेगा। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।


